मुख्य लाइन पर पेड़ गिरा
चौपाल में छाया अंधेरा
नेरवा। भारी बरसात से बिजली की मुख्य लाइन पर पेड़ गिरने से चौपाल उपमंडल में बीती रात से बिजली गुल है। बिजली बोर्ड के कर्मचारी सप्लाई बहाल करने के लिए प्रयासरत हैं।
चंबी के समीप जंगल में हुली-झिकनी पुल मुख्य विद्युत लाइन पर देवदार का पेड़ गिरने से पूरा चौपाल उपमंडल अंधेरे में डूब गया है। विद्युत वार्ड के कर्मचारियों ने सुबह थोड़ी देर के लिए विद्युत आपूर्ति बहाल की थी लेकिन अब फिर से भारी बरसात के कारण चंबी के समीप लाइन पर पेड़ गिर जाने से सप्लाई ठप पड़ी है। ऐसे में लोगों को सोमवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को घरेलू कार्यों के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों में भी काम काज काफी प्रभावित हुआ। बोर्ड कर्मचारी बिजली बहाली के लिए प्रयासरत हैं। इस संबंध में अधिशाषी अभियंता विद्युत मंडल चौपाल बलदेव चंद के अनुसार लाइन पर गिरा पेड़ काफी बड़ा है। इसे हटाने में समय लगेगा। कर्मचारियों को लाइन दुरुस्त करने के लिए भेज दिया गया है। पूरे क्षेत्र में शीघ्र ही बिजली बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।