अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन(रामपुर बुशहर)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलानी में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान हेमराज ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। प्रधानाचार्य पवन देव शर्मा और स्कूल के अन्य स्टाफ ने भव्य स्वागत किया।
मुख्यातिथि हेमराज ठाकुर ने छात्रों को अनुशासन में रहकर जीवन में अपने मुकाम हासिल करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने की बात कही।
समारोह के दौरान प्रधानाचार्य पवन देव शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश की और स्कूल में वर्ष भर आयोजित विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। छात्रों ने हरियाणवी, कश्मीरी और नाटी समेत एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
विज्ञान विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन वाली दसवीं की ज्योति को बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द ईयर के खिताब से नवाजा गया। कल्पना चावला सदन को सर्वश्रेष्ठ सदन का पुरस्कार मिला। स्कूल के दीपक, स्वाति, शीतल, आकाश और सरोज को मेरिटोरियस अवॉर्ड से नवाजा गया। इस मौके पर एसएमसी के सदस्य, शिक्षक और विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।