कोटखाई।
डुमैहर-कोटखाई बाईपास सड़क का डंगा गिरने से हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। डंगा गिरने के बाद तंग सड़क पर वाहन मुश्किल से गुजर रहे हैं। लोगों ने लोनिवि पर अनदेखी का आरोप लगाया है। कोटखाई बाजार के लिए डुमैर से बनी बाईपास सड़क का डंगा करीब 100 धंस चुका है।
सड़क के धंसने से रात के समय वाहन दुर्घटना का खतरा अधिक बना रहता है। बागा डुमैहर पंचायत के पूर्व प्रधान मोहन चौहान, हरविंद, शर्मा, काविंद्र कंवर, देविंद्र कुमार ने बताया कि इस सड़क से कोटखाई बाजार के लिए हर दिन दर्जनों वाहनों और लोगों की आवाजाही होती है। लोनिवि कई माह से धंसे इस डंगे को नहीं लगा सका। उन्होंने लोनिवि से मांग की है कि जल्द से जल्द डंगा लगाया जाए, जिससे कोई हादसा न हो सके। उधर, लोनिवि के एसडीओ अखिल चौहान ने बताया कि ठियोग-हाटकोटी सड़क के कलवाट का पानी निकलने से डुमैहर बाईपास सड़क का डंगा धंसा है। इसके लिए पहले दो बार टेंडर लगाए जा चुके हैं। लेकिन किसी कारण से रद्द हुए थे। अब फिर इसके टेंडर लगवाए जा रहे हैं। टेंडर लगने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।