अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
नगर परिषद रामपुर का वार्ड नंबर नौ खनेरी कुछ वर्ष पूर्व ही नप में शामिल किया गया है। इससे पूर्व यह क्षेत्र ग्राम पंचायत रचोली के अधीन था। नए वार्ड में समस्याओं का अंबार लगा है। इस वार्ड में जहां सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, वहीं पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से एनएच के दोनों ओर बेतरतीब पार्क किए वाहनों से हादसे होने की आशंका बनी रहती है। इससे जाम भी लग रहा है। वार्ड के लोग गंदगी, सीवरेज सिस्टम, बिजली, पार्किंग जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
रामपुर नगर परिषद के अंतिम वार्ड खनेरी में खनेरी अस्पताल भी है। यहां से निकलने वाला मेडिकल वेस्ट यहां वर्षों से खुले में फेंका जा रहा है। गंदगी की समस्या से निपटने के लिए जगह-जगह कूड़ेदान स्थापित किए गए हैं। लेकिन कूड़ेदान के बाहर हमेशा गंदगी फैली रहती है। नगर परिषद यहां सफाई व्यवस्था बनाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है और वार्ड से कई दिनों बाद गंदगी को हटाया जा रहा है। बीते दिनों हुई बैठक में प्रशासन और नगर परिषद ने यहां एनएच पर हुए अतिक्रमण को हटाने की योजना बनाई थी, जो सिरे नहीं चढ़ी। दर्जनों कब्जाधारी एनएच के किनारे कब्जा कर बैठे हैं। सबसे बड़ी समस्या इस वार्ड में सीवरेज सिस्टम न होने की है। सीवरेज सिस्टम न होने से यहां खुले में सीवरेज की गंदगी बह रही है। तेज शांडिल, अविनाश कायथ और दीपक गुप्ता का कहना है कि खनेरी को रचोली पंचायत से अलग कर वार्ड का निर्माण कर दिया पर समस्याओं का समाधान करने के लिए कोई पहल नहीं हो पाई है। उन्होंने नगर परिषद से समय रहते समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
कूड़ा उठेगा, पार्क बनेगा : विशेषर
पार्षद विशेषर लाल का कहना है कि वार्ड में सीवरेज सिस्टम स्थापित करने के लिए आईपीएच को एक करोड़ रुपये की राशि जमा कर दी गई है। गंदगी से मुक्ति दिलाने के लिए जल्द डोर टू डोर कचरा एकत्रित किया जाएगा। वार्ड में पार्किंग और चिल्ड्रन पार्क का निर्माण करने के लिए भूमि तलाश ली गई है। जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरू होगा और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कर दी जाएगी।