रोहड़ू। बारिश और बर्फबारी से बंद रोहड़ू-शिमला मार्ग 24 घंटे के भीतर बहाल हो गया है। रोहड़ू से नारकंडा वाया टिक्कर व वाया सुंगरा रामपुर के लिए सड़क दूसरे दिन मंगलवार को अवरुद्ध रही। क्षेत्र के कई ग्रामीण रूट बहाल हो गए। रोहड़ू-शिमला सड़क पर हिमपात के कारण कई छोटे वाहन खड़ापत्थर व कोटखाई के बीच फिसलन के कारण मंगलवार को भी फंसते रहे। लेकिन कुछ समय जाम के बाद यातायात सुचारु हो गया।
ऊंचाई वाले रूटों पर बसें आधे रास्ते तक चल रही हैं। मंगलवार को पूरा दिन मौसम साफ होने के बाद भी सुंगरा व नारकंडा मार्ग अधिक हिमपात होने के कारण खुल नहीं सका। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा ने कहा कि शिमला के लिए यातायात बहाल हो गया है। रोहड़ू उपमंडल के सभी मार्गों पर बसें चल रही हैं। ऊंचाई वाले गांव में सड़क खराब होने के कारण कुछ बसें आधे रूट तक भेजी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मौसम खुलने के बाद सभी मार्गों पर बसें नियमित शुरू हो जाएंगी। निचले क्षेत्रों में यातायात सामान्य चल रहा है।