हरियाणा के पूर्व मंत्री राव दान सिंह ने कहा कि देश को बचाना है तो वोट बचाना होगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश में ऐसी परिस्थितियां बन गई हैं कि विपक्षी दलों को एकजुट होना पड़ा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि हिंदुस्तान में जो मुहिम चली है, उसके विरोध में राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन ने साथ चलने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जो जवाब आयोग को देना चाहिए, वह भाजपा के लोग दे रहे हैं। माकपा नेता राकेश सिंघा ने कहा कि देश के सामने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बड़ी चुनौती है। देश को बचाने के लिए सभी संबंधित संगठनों और राजनीतिक दलों को साझा मंच पर आना होगा। पूर्व महापौर संजय चौहान ने भी प्रदेश के सभी संगठनों से एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।