हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में एक ऐसा पौधा मिला है, जिसमें स्वास्थ्य का खजाना छिपा है। सिल्वर नैनोपार्टिकल्स वाले इस पौधे में जीवाणुरोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए गए हैं, जो मधुमेह जैसी बीमारियों के मरीजों के लिए रामबाण साबित हो सकते हैं। एचपीयू, बिलासपुर काॅलेज और अग्रसेन विवि की संयुक्त खोज में यह खुलासा हुआ है। टीम ने स्पीति घाटी के कुंजुम दर्रा क्षेत्र से पोटेंटिला अर्जिरोफाइला नामक पौधे के नमूने एकत्र किए। इस पौधे का उपयोग आयुर्वेद, सिद्ध और सोवा-रिग्पा जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में होता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, रोगाणुरोधी और अल्फा-अमाइलेज अवरोधक गुण मौजूद हैं।
हिमाचल में बड़ी संख्या में औषधीय पौधे हैं। बस इनकी पहचान की जरूरत है। इन पौधों को दवाइयों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। स्पीति घाटी में पाए जाने वाले पोटेंटिला अर्जिरोफाइला नामक पौधे को दवाइयों के लिए आयुर्वेद दवाओं के इस्तेमाल में लाया जाएगा। आयुर्वेद विभाग की टीम इस बारे में विस्तृत जानकारी जुटाएगी। -यादवेंद्र गोमा, आयुष मंत्री, हिमाचल सरकार