सीबीएसई और हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के परिणाम घोषित हो गए हैं। इसके बाद प्रदेश के कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध 215 कॉलेजों में इस शैक्षणिक सत्र से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) पूरी तरह लागू हो गई है। सभी कॉलेज अब सेमेस्टर प्रणाली पर संचालित होंगे। लगभग 29 कॉलेजों में चार वर्षीय ऑनर्स विद रिसर्च ट्रैक शुरू करने की तैयारी है। उच्च शिक्षा निदेशालय इन कॉलेजों की अंतिम सूची तय करेगा। इस वर्ष एचपीयू प्रणाली के अंतर्गत करीब 1.3 लाख विद्यार्थियों का नया प्रवेश होगा। यह सभी प्रवेश स्नातक स्तर पर सरकारी और निजी कॉलेजों में होंगे। यह पहला मौका है जब पूरा स्नातक बैच सीधे एनईपी संरचना में प्रवेश ले रहा है। नई व्यवस्था से अकादमिक कैलेंडर और मूल्यांकन पैटर्न में बदलाव आएगा। क्रेडिट आधारित प्रणाली से विषयों का संयोजन अधिक लचीला हो गया है। विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों के चयन का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन की रफ्तार बढ़ी है।