मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान प्रेस वार्ता को संबोधित करतो हुए। (File Photo)
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश में भाजपा का अभिनेत्री प्रयोग विफल रहा है। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने आपदा के समय सांसद कंगना रणौत की अनुपस्थिति की निंदा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का श्रेय लेने के बजाय भाजपा नेताओं को मुश्किल घड़ी में सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए।
वीरवार को चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा से 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य ने तीन महीनों तक लगातार बारिश, बादल फटने और भूस्खलन का सामना किया है, जिसमें 419 लोग मारे गए हैं। इनमें से 236 की बारिश से संबंधित घटनाओं और 183 की सड़क दुर्घटनाओं में जान गई है। चौहान ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसी विपत्ति के समय निर्वाचित प्रतिनिधि अपने लोगों के बीच नहीं हैं। उन्होंने खुद एक साक्षात्कार में स्वीकार किया था कि सांसद होने के लिए केवल 60 दिनों का काम करना जरूरी है। वह एक सेलिब्रिटी हैं, लेकिन वह अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में विफल रही हैं। मंडी के लोगों और यहां तक कि भाजपा को भी अब एहसास हो गया है कि एक अभिनेत्री को चुनावी मैदान में उतारने का प्रयोग विफल रहा है।