कंगना वीरवार सुबह करीब 10:30 बजे सबसे पहले सोलंगनाला गांव पहुंचीं। इसके बाद बाहंग, समाहन पहुंचीं। समाहन में वार्ड सदस्य छिमें ने भूस्खलन से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि यहां सारा मलबा लोगों के घरों में पहुंच गया है और पूरा इलाका खाली करवाया है। लोग अपने खर्चे पर मलबा निकाल रहे है। पहाड़ी पर दो-तीन पेड़ गिरने वाले हैं। उन्हें काटने की प्रशासन से गुहार लगाई गई है। लेकिन अभी तक पेड़ नहीं काटे जा रहे। उन्होंने सांसद के समक्ष भूस्खलन रोकने के लिए आरसीसी की दीवार लगाने का मामला उठाया। इस पर कंगना ने सांसद निधि से दीवार लगाने के लिए बजट का प्रावधान करने की बात कही।
इसके बाद 11:40 बजे ओल्ड मनाली तथा 12:00 अलेऊ गांव का दौरा कर निरीक्षण किया। अलेउ से 12:30 बजे कंगना अपने घर सिमसा को रवाना हुईं। सिमसा स्थित अपने घर में एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक की और कीरतपुर-मनाली हाईवे को और सुरक्षित बनाने पर मंथन किया। उन्होंने सड़क निर्माण में पर्यावरण को भी ध्यान में रखने की बात कही।