पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में 11 दिसंबर को सरकार के तीन साल के जश्न की जगह पर जन संकल्प सम्मेलन होगा। इसमें आपदा प्रभावितों और सरकार की अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को राहत राशि प्रदान की जाएगी। आने वाले दो वर्षों में राज्य सरकार का हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में विजन लोगों के समक्ष रखा जाएगा।
शुक्रवार को अनिरुद्ध सिंह, शहरी विकास मंत्री राजेश धर्माणी और कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों से बैठक कर इस आयोजन के संबंध में पूरी रिपोर्ट ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के तीन साल के कार्यकाल को जश्न के रूप में नहीं मनाया जा रहा है बल्कि आपदा के चलते इसे जन संकल्प सम्मेलन के रूप में मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में मनाया जा रहा है। सम्मेलन में करीब 20 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने सरकार के तीन साल के जश्न के सवाल पर कहा कि प्रदेश में आपदा चल रही है, ऐसे में जश्न मनाने का सवाल ही नहीं हैं।