उत्तर प्रदेश मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी सौरभ कुमार की हत्या का मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। हत्या की आरोपी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को लेकर नया खुलासा हुआ है। सौरभ की हत्या को अंजाम देने वाली उसकी पत्नी मुस्कान व उसका प्रेमी साहिल शुक्ला कसोल के एक होटल में छह दिन रुके थे।
दोनों ने 10 मार्च को होटल में चेक इन किया था, जबकि 16 मार्च को उन्होंने चेक आउट किया। जब होटल में चेक इन किया तो साहिल शुक्ला ने मुस्कान को अपनी पत्नी बताया था। उनके साथ केवल उनका ड्राइवर था। दोनों अधिकतर समय होटल के कमरे के अंदर बिताते थे। इतने दिनों वे यहां रहे तो किसी से मिलते-जुलते नहीं थे, वे स्टाफ के साथ भी ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। उनका खाना-बगैरह उनके कमरे में ही जाता था।
हालांकि होटल संचालकों की ओर से कमरा किराये पर देने से पहले औपचारिकताएं पूरी की गई थीं। अब उत्तर प्रदेश मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी सौरभ कुमार की हत्या के आरोपियों के कसोल के होटल में रुकने की बात का पता चलते ही चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कसोल में होटल संचालक अमन ने कहा कि वे दिन में एक-आध बाहर ही बाहर निकलते थे। जब वे बाहर जाते थे तो गाड़ी लेकर जाते थे, अपने साथ ड्राइवर को ले जाते थे। चेक इन से पहले पूछताछ में प्रेमी साहिल शुक्ला ने मुस्कान को अपनी पत्नी बताया था। दोनों ने 10 मार्च को चेक इन जबकि 16 मार्च को चेक आउट किया।