मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव तक नगर निगम मंडी स्ट्रीट लाइटों से जगमगाएगा। शहर में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू हो गया है। निगम सभी 15 वार्डों में 20-20 और स्ट्रीट लाइट्स लगा रहा है। निगम ने ठेकेदार को 300 लाइटें लगाने का कार्य सौंपा है।
नगर निगम मंडी के पुरानी मंडी, खलियार और भ्यूली में जहां-जहां लाइटें लगाने की आवश्यकता दिख रही हैं, वहां पर लाइटें लगाई जा रही हैं। बैठक में निगम से जुड़े नए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी लाइटें लगाने का प्रस्ताव पारित किया था। इसमें सभी वार्डों में करीब 800 स्ट्रीट लाइट लगाई जानी थी। इस पर 3.79 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान था।
इसे निगम ने अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। अभी जिस स्थान में 20 से अधिक स्ट्रीट लाइटों की आवश्यकता रहती है वहां और लाइटों को लगवाने का प्रावधान किया जाना है। शहर के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइटों को महाशिवरात्रि महोत्सव तक लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
नगर निगम मंडी के उपमहापौर विरेंद्र भट्ट शर्मा ने बताया कि निगम के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य शुरू हो गया है। हर वार्ड में 20-20 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए 300 लाइटों का प्रावधान कर लिया गया है।
...