मंडी। हिमाचल प्रदेश कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर मंडी जिले के ठेकेदारों ने सोमवार को हड़ताल की। ठेकेदारों ने पड्डल से नए सुकेती पुल, गांधी चौक होकर उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। सरकार और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
इसके बाद उपायुक्त और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के माध्यम से सरकार और विभाग को ज्ञापन सौंपा। हड़ताल से मंडी जिला में करीब 200 विकास कार्य रुक गए हैं। इनमें कांगणीधार में बन रहे शिवधाम, क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी, देव सदन, इंडोर स्टेडियम सुंदरनगर, सब्जी मंडी बदरोल, संयुक्त कार्यालय नेरचौक, अटल आदर्श विद्यालय गोहर, कैंसर अस्पताल नेरचौक, सुंदरनगर में कार पार्किंग, रावमापा परवाड़ा नाचन, सुंदरनगर स्थित हराबाग विश्राम गृह, नागरिक अस्पताल सुंदरनगर, इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर सहित सड़कों और पुलों के कार्य बंद हो गए हैं।
बर्फबारी से प्रभावित इलाकों में सड़कों के काम चलते रहे। एसोसिएशन के चेयरमैन दिनेश शर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग से एम फार्म की शर्त और निर्माण कार्यों में जीएसटी लगा कर अदायगी को रोका गया है। इससे निर्माण कार्यों में तैनात मजदूर, वाहन चालक और सामग्री देने वाले दुकानदारों की अदायगी नहीं हो पा रही है। इससे सैकड़ों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं।
प्रवासी मजदूर अपने घर लौट रहे हैं। यदि शीघ्र ही प्रदेश सरकार और लोनिवि विभाग अदायगी नहीं करते हैं तो हड़ताल जारी रहेगी। इससे विकास कार्य प्रभावित होंगे। इस अवसर पर हिमाचल कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य केशव नायक, राजेश कुमार, भूपेंद्र महाजन, विजय कपूर, केडी निराश सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद