सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के पौंटा में बाइक से उतरते वक्त गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान शकुंतला देवी पत्नी हेमराज निवासी सिहारल के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शकुंतला देवी बुधवार को अपने गांव सिहारल से सत्संग सुनने के लिए पौंटा जा रही थी। इस बीच उसने सुबह पौंटा की तरफ जा रहे एक बाइक सवार से लिफ्ट ले ली। पौंटा पहुंचने पर बाइक सवार ने महिला को उतारने के लिए ब्रेक लगाया। इस दौरान उतरते समय महिला नीचे गिर गई और गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
गंभीर हालत में शकुंतला देवी को नागरिक अस्पताल सरकाघाट में पहुंचाया गया, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला का लिफ्ट देने वाला दारपा क्षेत्र निवासी अरुण कुमार है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125, 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने कहा कि मामले की जांच जारी है।