गोहर (मंडी)। सिविल अस्पताल गोहर में शुक्रवार को नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत दिल्ली के एक निजी अस्पताल की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से सीएमओ मंडी और पुलिस को सूचना दे दी है।
घटना की जांच के लिए बीएमओ बगस्याड को सिविल अस्पताल गोहर भेजा गया है। जानकारी के अनुसार दिल्ली की एक निजी संस्था का गोहर अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से मल्टी स्पेशलिस्ट कैंप लगा है। इसमें सामान्य रोगों के अलावा माइनर ऑपरेशन भी हो रहे हैं। शुक्रवार को गोहर के नांडी गांव की 37 वर्षीय महिला का रसौली का ऑपरेशन था।
महिला को ऑपरेशन थियेटर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि एनेस्थीसिया देते ही महिला को अधरंग हो गया और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद निजी संस्थान के विशेषज्ञों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। देर शाम सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी को दी गई। सूचना मिलते ही बीएमओ को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। बीएमओ डॉ. नीलम शर्मा ने बताया कि सूचना मिली है। वह अस्पताल में मामले की जांच के लिए जा रही हैं।
जांच के बाद ही मामले को लेकर तस्वीर साफ होगी। गोहर सिविल अस्पताल के प्रभारी डॉ. कुलदीप शर्मा ने मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आला अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। उधर सीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारणों का पता लग पाएगा।
000