मंडी के विजय स्कूल का भवन, जिसका जीर्णोद्धार किया गया।
- फोटो : Mandi
मंडी। ऐतिहासिक विजय हाई स्कूल मंडी के भवन का जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो गया है। अब भवन पुराने स्वरूप में निखर गया है। विजय हाई स्कूल के भवन का निर्माण 1866 में मंडी राज्य के तत्कालीन शासक विजय सेन ने करवाया था। नए भवन को पुस्तकालय बनाने की कवायद है।
भवन काठकुनी वास्तुकला का अद्भुत नमूना पेश करता है। भवन को देखते ही प्राचीन भवनों की याद ताजा हो जाती है। भवन का जीर्णोद्धार लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है। भवन के चारों ओर सुंदर दीवारें और लाइटें भी लगाई गई हैं। पहले यह एक मिडल स्कूल था, 1921 में इसे उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत कर दिया। 1998 तक इस इमारत में कक्षाएं ली गईं।
1998 में स्कूल की इमारत की जर्जर हालत के कारण कक्षाओं को दूसरे भवन में स्थानांतरित कर दिया गया था। तब से यह इमारत लावारिस पड़ी थी। 2006 में स्कूल के पुराने छात्र संघ ने राज्य सरकार से स्कूल भवन की मरम्मत का अनुरोध किया। विजय हाई स्कूल स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शीघ्र ही उद्घाटन करने का आश्वासन दिया है।
आईबीआईटीटी- एचपी परियोजना प्रबंधक मंडी राकेश अरोड़ा ने बताया कि स्कूल भवन का जीर्णोद्धार कर दिया है। इसे उच्च शिक्षा विभाग मंडी को सौंप दिया है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक मंडी सुरेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि यह भवन शिक्षा विभाग के पास है। इस भवन में कौन सा कार्य होना है, इसके लिए अभी उपायुक्त के साथ बैठक कर विचार विमर्श होगा।
000