धर्मपुर (मंडी)। विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर के थड़ू गांव के धीरज ठाकुर (19) की मौत मामले में पुलिस ने पारुल के अलावा दो अन्य दोस्तों ढगवानी गांव के विक्रांत और जाहू के प्रिंस को भी एफआईआर में नामजद किया है। तीनों युवकों की ओर से जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने सुबूत मिटाने के प्रयास की भी धारा जोड़ी है। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को सरकाघाट कोर्ट में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को 18 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। डीएसपी सरकाघाट तिलक राज ने इसकी पुष्टि की है।
26 अप्रैल को धर्मपुर के थड़ू गांव से लापता धीरज का शव पुलिस ने वीरवार को बकरखड्ड से बरामद किया था। शव को रस्सियों से बांधकर दबाया गया था।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छात्र नशे का आदी है। माना जा रहा है कि कुछ दोस्तों के साथ नशा करते वक्त ओवरडोज से उसकी मौत हो गई। दोस्तों ने उसके शव को बोरी में बांधकर खड्ड में दबा दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पारुल को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। दो अन्य दोस्तों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान तीनों ने साथ होने और एक साथ मिलकर शव दबाने की बात मानी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और सुबूत मिटाने की साजिश रचने का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया। यहां से तीनों को 18 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। नेरचौक में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद