मंडी के भांबला के निकट हुए ट्रक हादसे के बाद उठाया गया पलटा हुआ ट्रक
- फोटो : Mandi
सरकाघाट/बलद्वाड़ा(मंडी)। सुलपुर-बही-सरकाघाट संपर्क मार्ग पर भांबला के बही मोड़ के पास बुधवार सुबह करीब दस बजे ईंटों से लदा ट्रक पलटने से ट्रक चालक और सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही महिला कर्मचारी की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि चढ़ाई पर ट्रक अचानक पीछे हटने लगा। चालक ने किसी तरह ट्रक को नियंत्रित कर खड़ा किया और उतरकर टायर को जैक लगाने लगा। इस दौरान अचानक जैक से ट्रक फिसला और पीछे की तरफ चालक को चपेट में लेता हुआ सड़क पर खड़ी महिला कर्मचारी पर पलट गया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि चालक ने सीएचसी बलद्वाड़ा में दम तोड़ा। पुलिस ने दोनों शवों का नागरिक अस्पताल सरकाघाट में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी तिलक राज ने बताया ट्रक चालक रमेश कुमार (39) पुत्र भाग सिंह गांव सनवाई डाकघर गहरा और जलशक्ति विभाग में कार्यरत बबली देवी (55) गांव बही के रूप में हुई है। हादसे के बाद काफी संख्या में वहां लोग पहुंचे।
एंबुलेंस और पुलिस को बुलाया गया। इस दौरान बचाव कार्य शुरू हुआ। दोनों को ट्रक के नीचे से निकाला गया। महिला कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ट्रक ड्राइवर को सीएचसी बलद्वाड़ा लाया गया। यहां पर उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद लंबे समय तक मार्ग पर जाम लगा रहा। डीएसपी सरकाघाट तिलक राज शांडिल्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मंडी के भांबला में बही मोड़ पर पलटे ट्रक को उठाते हुए जेसीबी- फोटो : Mandi