महौपार ने स्वच्छता अभियान को लेकर स्वयं सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहरवासी स्वच्छता अभियान की शुरुआत अपने घर से करेंगे तो शहर को स्वस्थ और स्वच्छ बनाने का संकल्प पूरा हो सकता है। बुधवार को इसे लेकर वरिष्ठ नागरियों को शपथ दिलाई गई। बुधवार को स्वच्छता ही सेवा 2024 स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता कार्यक्रम के तहत निगम कार्यालय में महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने यह आह्वान निगम क्षेत्राधिकार के स्वयं सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों से किया।
महापौर ने बताया कि नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और स्वच्छता साथी स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर दिन रात सहजता से कार्य कर रहे हैं, लेकिन फिर भी कहीं न कहीं लोगों को जागरूक करने में असमर्थता पाई जा रही है। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निगम का सहयोग करने की अपील की।
बकौल महापौर शीघ्र ही स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वंय सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों के माध्यम से नगर निगम के हर वार्ड में बैठकें, रैलियों और स्वच्छ अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया जाएगा। आपसी सहयोग से नगर निगम के क्षेत्राधिकार में जो भी हॉट स्पॉट के साथ नालों, नालियों और पार्काें की सफाई इस अभियान के तहत की जाएगी। बैठक में उपस्थित स्वयं सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों ने स्वच्छता के प्रति अपने अपने सुझाव बैठक में रखे। इसके बाद सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
बैठक में पार्षद अलकनंदा हांडा, राजेंद्र मोहन, निर्मल वर्मा, नगर निगम के आयुक्त एचएस राणा, सहायक अभियंता नरेश और सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया, नागरिक सभा के प्रधान ओपी कपूर व अन्य मौजूद रहे।