मंडी में राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक प्रसंघ समिति ने कार्यक्रम किया आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक प्रसंघ समिति की चक्कर इकाई ने मंगलवार को मंडी में जिला स्तरीय राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का आयोजन किया। इसमें लोगों को दूध के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि यह दिवस व्यक्ति के जीवन में दूध की महत्ता को रेखांकित करता है। चक्कर इकाई के प्रभारी विश्वकांत शर्मा ने बताया कि भारत में दूध का उत्पादन विश्व में सबसे अधिक होता है। 50 हजार लीटर क्षमता के चक्कर मिल्क प्लांट में देसी घी, मक्खन, दूध, पनीर, दही के साथ आंगनबाड़ी बच्चों के लिए न्यूट्रिमिक्स और सेवियां भी तैयार की जा रही हैं।
मंडी की इंदिरा मार्केट की छत पर दूध की महत्ता के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई। इसमें स्थानीय स्कूल के बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस जेवियर कॉन्वेंट स्कूल बगला के बच्चों ने पहला, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी ने दूसरा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगला के बच्चों ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस दौरान बच्चों को उपहार भेंट किए गए। बाद में मिल्कफेड की ओर से वृद्ध आश्रम भंगरोटू और विशेष बच्चों के सहयोग स्कूल नागचला में दुग्ध उत्पाद भी वितरित किए गए।
000