नेरचौक (मंडी)। बल्ह पुलिस ने चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कुछ महीने पहले अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरियों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर धर-दबोचा है। पुलिस ने तीनों से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
बीते माह पुलिस थाना बल्ह के तहत नलसर से एक लैपटॉप और मोबाइल चोरी की शिकायत, दूसरे मामले में रठोहा से 8 हजार के बर्तनों की चोरी और तीसरे मामले में बल्ह के पाली से एक कैमरा और 5 मोबाइल फोन चोरी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में बल्ह पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान योगराज(25) निवासी रठोहा, डाकघर चुनाहन, तहसील बल्ह, हैपी (23) चौधरी निवासी कुम्मी, तहसील बल्ह और अमित उर्फ समीर(23) निवासी कुम्मी, तहसील बल्ह जिला मंडी के तौर पर हुई है।
एएसपी प्रोबेशन विवेक चाहल ने कहा कि बल्ह पुलिस टीम ने चोरी की तीन वारदातों में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना में 3 लाख 10 हजार के एक लैपटॉप, एक डिजिटल कैमरा, 8 मोबाइल फोन और बड़े भोजन बनाने के बर्तन बरामद किए हैं। बरामद कुछ फोन शिकायत में नहीं थे। इन चोरी हुए फोनों के वास्तविक मालिकों को आरोपियों से पूछताछ के बाद सूचित किया जाएगा। मामले में पुलिस की जांच जारी है।