सुंदरनगर शहर के लिए बनाई गई उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण करते केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र स?
- फोटो : Mandi
सुंदरनगर(मंडी)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को सुंदरनगर शहर के लिए 23 करोड़ की लागत से तैयार की गई उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना के सुधार कार्य का लोकार्पण किया।
इस योजना के शुरू होने से सुंदरनगर शहर के 11 वार्डों में पेयजल की समस्या का समाधान होगा। इस योजना के शुरू होने से शहर में 24 घंटे जलापूर्ति का प्रावधान होने से लगभग 21 हजार लोग लाभान्वित होंगे। यह योजना अगले 30 वर्षों तक की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और विधायक राकेश जम्वाल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया सुंदरनगर शहर के लिए बीएसएल जलाशय से पानी उठाकर इसे करीब 10 करोड़ की लागत से लगाए संयंत्र में शुद्धिकरण के बाद लोगों को स्वच्छ पानी मिलेगा। उन्होंने बताया सुंदरनगर के डैहर क्षेत्र के लिए भी करीब 25 करोड़ की पेयजल योजना बनाई जा रही है। इसका कार्य अगस्त माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही चुरढ़ क्षेत्र के लिए भी करोड़ों की पेयजल योजना को मंजूरी दी गई है। इसके लिए भी बीएसएल जलाशय से ही पानी लिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर घर नल हर घर जल योजना के तहत प्रदेश में पिछले तीन साल में 8.27 लाख नए पानी के कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि कांग्रेस के कई दशकों राज में प्रदेश में महज 7 लाख ही पानी के कनेक्शन थे। उन्होंने विधायक राकेश जम्वाल की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा की उनके पास क्षेत्र के लिए नई-नई योजनाओं की मंजूरी कराने को आते हैं और मंजूरी के बाद निर्माण कार्य भी रिकार्ड समय में पूरा करवाते हैं। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप ठाकुर, महामंत्री ओम प्रकाश नायक, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र पाल व महेंद्र ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा सहित अनेक गण्यमान्य लोग मौजूद रहें।