सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत दारपा के तहत कलाहू गांव में दो दिनों से तेंदुए की मौजूदगी से दहशत का माहौल बना रहा। सोमवार को वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से तेंदुए को सुरक्षित पकड़ा, जिसके बाद गांव में राहत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार दो दिनों से तेंदुआ गांव के आसपास घूम रहा था। इस दौरान कुत्तों और तेंदुए के बीच झड़प भी हुई। अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे थे और पशुओं की देखभाल करना भी मुश्किल हो गया था।
ग्राम पंचायत दारपा के पूर्व प्रधान कमलेश कुमार नेगी, राजीव कुमार, कलाहू निवासी कर्म सिंह, धाड़ से जगदीश आदि ने बताया कि तेंदुए के पकड़े जाने से अब गांव वालों को बड़ी राहत मिली है। रेस्क्यू अभियान में शामिल राजीव कुमार ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ नर था। यदि मादा तेंदुआ होता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। मादा तेंदुआ आमतौर पर अपने शावकों की रक्षा में अधिक आक्रामक होती है।