उपमंडल बालीचौकी की खुहण पंचायत के गराशाला गांव में जला मकान। स्त्रोत- जागरूक पाठक
बालीचौकी (मंडी)। उपमंडल बालीचौकी की खुहण पंचायत के गराशाला गांव में रविवार देर रात भीषण अग्निकांड में दो भाइयों का संयुक्त तीन मंजिला मकान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दोनों परिवारों के पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बच पाया। हालांकि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार खुहण पंचायत के गराशाला गांव में सेस राम और सीता राम का संयुक्त लकड़ी का मकान सोमवार रात करीब ढाई बजे अचानक आग की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य जब घर के अंदर थे, तभी अचानक धुआं उठता देख सेस राम बाहर निकले। उसने पूरे परिवार को घर से बाहर निकाल लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा तीन मंजिला मकान आग की लपटों में घिर गया।
आग लगने से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़ी से बना मकान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए निचली मंजिल में बंधे मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से टल गया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शार्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए।
तहसीलदार बालीचौकी निधि सकलानी ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में दस-दस हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। परिवारों को राशन, बिस्तर और अन्य आवश्यक घरेलू सामान भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
000