मंडी। शहर के महाजन बाजार, रविनगर, जेल रोड और पैलेस कॉलोनी में शनिवार दोपहर अचानक बिजली गुल हो गई। इससे सैकड़ों लोग बेहाल रहे। करीब दो बजे बंद हुई बिजली देर शाम आठ बजे तक बहाल नहीं होने से लोगों में भारी रोष रहा।
करीब ढाई से तीन हजार की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सरकारी और निजी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। कारोबार भी बुरी तरह से ठप रहा। साढ़े छह बजे के बाद कुछ समय के लिए बिजली आई, लेकिन चंद मिनटों में दोबारा चली गई।
इस सप्ताह में ऐसा दूसरी बार हुआ है। शहर के लोगों ने बिजली बोर्ड से रोष जताया है। उधर, बिजली बोर्ड के शिकायतकक्ष में बार-बार संपर्क करने पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर के समय जेल रोड में केबल जल जाने से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सहायक अभियंता उत्तम चंद ने बताया कि तकनीकी खराबी आने के कारण कुछ दिक्कत रही है। निर्बाध बिजली पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
....
केस वन
जेल रोड की यामिनी का कहना है कि अघोषित बिजली कट से लोगों को परेशानी होती है। शनिवार को दोपहर से बिजली बंद है। इस कारण लोगों को भारी दिक्कत हुई है। बिजली बोर्ड को समस्या का स्थायी समाधान ढूंढना चाहिए।
...
केस टू
महाजन बाजार की कौशल्या देवी का कहना है कि कुछ दिन पहले भी दिन भर बत्ती गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी हुई थी। अब अघोषित कट लगना आम बात हो गई है। इससे आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
000