पंडोह (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर स्थित पंडोह डैम के कैंची मोड़ पर पर्यटक जान को जोखिम में डालकर वादियों का नजारा ले रहे हैं। यहां सड़क किनारे क्रैश बैरियर तो लगे हुए हैं, लेकिन पर्यटक इन्हें फांदकर दूसरी ओर जा रहे हैं, जहां से पंडोह डैम का शानदार दृश्य देखा जा सकता है।
इस दृश्य को निहारने के लिए पर्यटक अक्सर वहीं रुक जाते हैं, लेकिन यह स्थान सीधी ढलान पर स्थित है और यहां एक छोटी सी चूक से लोग सीधे जलाशय में गिर सकते हैं। हालांकि अभी तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन यह स्थान बहुत खतरनाक साबित हो सकता है।
हालांकि प्रशासन ने अभी तक सुरक्षा उपायों को गंभीरता से नहीं लिया है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। सुरक्षा गार्ड या चेतावनी बोर्ड की अनुपस्थिति में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हाल ही में यहां बगलामुखी रोप-वे का शुभारंभ हुआ है, जिसके कारण अब पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि हुई है। यदि समय रहते यहां सुरक्षा के लिहाज से उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी भूपेंद्र मिया, दलीप ठाकुर और रफीक ने प्रशासन से अपील की है कि पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां उचित कदम उठाए जाएं।
उधर, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस समय-समय पर गश्त करती रहती है, लेकिन पर्यटकों को भी खुद एहतियात बरतने की जरूरत है। हालांकि पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ाएगी, ताकि किसी भी घटना से समय रहते बचा जा सके।
मामला ध्यान में है। एनएच के किनारे पर्यटकों को जाने से रोकने के लिए एनएचएआई को उचित प्रबंध करने के लिए कहा गया है। वहां क्या कदम उठाए गए हैं, इसका एनएचएआई से पता किया जाएगा। इसके बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।
-ओमकांत, एसडीएम सदर
पंडोह डैम के पास एनएच किनारे क्रैश बैरियर पार कर फ़ोटो लेते पर्यटक। संवाद
पंडोह डैम के पास एनएच किनारे क्रैश बैरियर पार कर फ़ोटो लेते पर्यटक। संवाद