प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.50 लाख रुपये मिलेंगे
नेरचौक में 39, बलद्वाड़ा में 35, सुंदरनगर में 14 मकान बनेंगे
धर्मपुर में दो, जोगिंद्रनगर में 11 पात्र परिवार बनाएंगे आशियाना
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी संस्करण के तहत पक्का मकान बनाने का सपना संजोए लोगों का इंतजार खत्म हो गया है। सुंदरनगर नेरचौक बलद्वाड़ा, धर्मपुर, जोगिंद्रनगर व अन्य क्षेत्र में अंगीकार अभियान के तहत 172 लोग अब पक्के घर बना पाएंगे। इन लोगों के आवेदन मंजूर होने के बाद स्वीकृति पत्र सौंपे जा रहे हैं। पात्र लोगों को योजना के तहत अपना पक्का घर बनाने के लिए 2.50 लाख रुपये की राशि अलग-अलग किस्तों में मिलेगी। प्रथम चरण में 70,000 रुपये की धनराशि एवं तीन चरण में 60,000 रुपये की धनराशि नियमानुसार प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 केंद्र की योजना है। इस योजना को 1 सितंबर 2024 को लांच किया गया है। योजना का ध्येय शहरी गरीबों और मध्यम वर्ग के परिवारों को किफायती आवास उपलब्ध करवाना है। इस योजना में पात्र लाभार्थियों को घर खरीदने, बनाने या विस्तार करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है ताकि हर व्यक्ति को रहने के लिए सुरक्षित और स्थायी घर मिले। इस बार योजना में शहरी, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले, किराये के मकानों में रहने वाले और बिना स्थायी आवास वाले परिवारों को भी शामिल किया गया है। मंडी जिले में नगर परिषद सुंदरनगर क्षेत्र में 14, नगर परिषद नेरचौक में 39, बलद्वाड़ा में 35, करसोग में 16, सरकाघाट 22, संधोल 33 ,धर्मपुर में 2 तथा जोगिंद्रनगर में 11 परिवार योजना में शामिल हुए हैं।
सुंदरनगर नगर परिषद क्षेत्र में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2-0 के पात्र अभ्यार्थियों को स्वीकृति पत्र जारी कर दिए हैं। अब यह परिवार पक्के घर का निर्माण कर सकेंगे। सरकार की योजना से इन लोगों का पक्का घर बनाने का सपना साकार होने जा रहा है।
ललित कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष, नगर परिषद सुंदरनगर
...............