शॉपिंग कांप्लेक्स, पार्किंग और तहबाजारी से आय बढ़ाने की तैयारी
गुगली खड्ड किनारे घाट और सामुदायिक भवन बनाने का प्रस्ताव भी तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नगर परिषद जोगिंद्रनगर विकास कार्यों के लिए अपनी आय बढ़ाने पर फोकस करेगी। इसके तहत शॉपिंग कांप्लेक्स और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संभावनाएं तलाशने के साथ पार्किंग शुल्क, तहबाजारी और हाउस टैक्स से राजस्व बढ़ाने की योजना बनाई गई है। मंगलवार को अध्यक्ष संतोष कुमारी और उपाध्यक्ष प्यार चंद की मौजूदगी में हुई बैठक में इस कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में सुंदर वाटिकाएं विकसित करने, पार्किंग की संभावनाएं तलाशने और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया गया। पेयजल, स्ट्रीट लाइट और एंबुलेंस मार्ग जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करना भी प्राथमिकता में रखा गया।
उपाध्यक्ष प्यार चंद ने बताया कि वार्ड नंबर एक के लक्ष्मी बाजार स्थित मोक्षधाम के कायाकल्प की योजना तैयार की गई है। गुगली खड्ड किनारे घाट और सामुदायिक भवन बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। विभिन्न विकास कार्यों के लिए सरकार और शहरी विकास निदेशालय से करीब एक करोड़ रुपये के बजट की मांग की गई है।
बैठक में पार्षद गुरध्यान, रितू, अनिता और चंद्ररेखा ने विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यों में पारदर्शिता बरतते हुए सभी वार्डों को समान प्राथमिकता दी जाएगी।