छात्र संघ चुनाव की बहाली के लिए की नारेबाजी
पुलिस के जवानों ने खुलवाया ताला
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार सुबह 9:30 बजे राजकीय वल्लभ महाविद्यालय के गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने छात्र संघ चुनाव बहाल करने, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बढ़ी फीस वापस लेने और सरदार पटेल विश्वविद्यालय के घटाए गए दायरे को पूर्व की तरह बहाल करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गेट पर ताला लगाए जाने से विद्यार्थी कक्षाओं में प्रवेश नहीं कर पाए। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी छात्रों को समझाया। कॉलेज प्रबंधन के साथ बातचीत के बाद करीब सवा दस बजे ताला खुलवाया गया, जिसके बाद विद्यार्थी कक्षाओं में पहुंचे।
इकाई अध्यक्ष करण धामी ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। लंबे समय से चुनाव बंद होने के कारण विद्यार्थी अपनी समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि से विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। प्रदेश के अधिकांश विद्यार्थी सामान्य और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं, ऐसे में फीस बढ़ोतरी का सीधा असर उनकी शिक्षा पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय का घटाया गया दायरा भी पूर्व की तरह बहाल किया जाना चाहिए। दायरा कम किए जाने से विद्यार्थियों और महाविद्यालयों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो परिषद आंदोलन को और तेज करेगी।