मंडी। डीआरडीए सभागार में आयोजित सर्वदेवता सेवा समिति की साधारण सभा में सरकारी भूमि पर बने देवी-देवताओं के मंदिरों और भंडारों की जमीन उन्हीं देवताओं के नाम पर करने की मांग उठाई गई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त अरिंदम चौधरी मौजूद रहे।
सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने बताया कि बैठक में समस्त कारदारों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं मेला कमेटी अध्यक्ष उपायुक्त मंडी का अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले में देवी-देवताओं का मानदेय भत्ता, बंजंत्रियों का मानदेय भत्ता और राशन भत्ता 50 प्रतिशत, 100 प्रतिशत और 33 प्रतिशत बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया है। वहीं पर देव सदन में देव समाज को महत्व देने के लिए और देवी-देवताओं के कार्य को सुचारु रूप से चलाने के लिए कार्यालय आवंटन करने पर भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बढ़ोतरी पूर्व में कभी नहीं हुई। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का देवी देवताओं के प्रति एक सराहनीय कार्य है। जिसके लिए देव समाज सदैव इनका आभारी रहेगा। इसके बाद सर्व देवता सेवा समिति जिला मंडी के अध्यक्ष शिव पाल शर्मा की ओर डीसी को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और उपायुक्त से समस्त कारदारों ने मांग रखी की जिन देवी देवताओं के मंदिर और भंडार सरकारी भूमि पर स्थित हैं, उस भूमि को उन देवी देवताओं के नाम पर स्वीकृत किया जाए। उपायुक्त से यह भी मांग की गई कि शिवरात्रि मेले के दौरान देवी-देवताओं को बैठने के लिए पड्डल में स्थायी स्थान चिह्नित किए जाएं । बैठक में वरिष्ठ उप प्रधान बीसी सरोच, उप प्रधान गोबिंद ठाकुर , मोहन लाल ठाकुर, महासचिव दिनेश शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, संगठन सचिव लेख राज पटियाल, राजू राम, संयुक्त सचिव भीम देव और खीमा राम, अमर सिंह, तीर्थ राज, कर्म सिंह, शेष राम, बाला राम, विनोद ठाकुर, मनोज कुमार, सूरत राम, हीरा लाल, सुरेंद्र ठाकुर, इत्यादि ने भाग लिया ।