रिवालसर(मंडी)। बौद्ध धर्म गुरु पद्मसंभव के जन्म दिवस को समर्पित राज्यस्तरीय छेश्चु मेला रिवालसर में 10 से 13 मार्च तक मनाया जाएगा। 10 मार्च को रिवालसर झील परिसर में सुबह 10:30 बजे बौद्ध गुरु दीर्घायु अभिषेक(छेवंग) को लेकर उरज्ञन रिंपोछे के प्रवचन होंगे।
11 मार्च को निंगमापा बौद्ध गोंपा प्रांगण में भुजन कार्यक्रम होगा। 12 मार्च को छांग और गुरु परिक्रमा कार्यक्रम होंगे। मेले के अंतिम दिन 13 मार्च को पवित्र झंडा रस्म होगी। मेले में भाग लेने को लेकर लेह लद्दाख, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल- स्पीति, कांगड़ा समेत देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे बौद्ध धर्म अनुयायियों का रिवालसर में आगमन होगा। कई बौद्ध अनुयायी मेले में शिरकत करने पहुंच गए हैं। मेले के दौरान पर्यटन नगरी में कई पर्यटकों के आने की उम्मीद है।
निंगमापा बौद्ध मंदिर समिति के प्रधान कैलास चंद, उप प्रधान रमेश फारका, सचिव लेख राज और कार्यालय सचिव शमशेर नेगी ने बताया कि दस से 13 मार्च तक राज्य स्तरीय मेला आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि मेले से मंदी की मार झेल रहे रिवालसर के कारोबारियों को बड़ी उम्मीदें हैं।