करसोग में श्री माहूंनाग शडोटी को देवता मेला सुंदरनगर में पधारने का निमंत्रण देने पहुंचे सुकेत स?
- फोटो : Mandi
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के राज्य स्तरीय देवता मेला में 80 वर्षों के बाद करसोग के श्री माहूंनाग शडोटी इस बार शिरकत करेंगे। श्री माहूंनाग कमेटी शडोटी ने मेले में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
देवता को निमंत्रण देने के लिए सुकेत सर्व देवता कमेटी का प्रतिनिधिमंडल प्रधान अभिषेक सोनी की अध्यक्षता में गया था। देवता के हार क्षेत्र के करीब 400 लोगों के साथ बैठक के बाद कमेटी ने यह निमंत्रण स्वीकार किया है।
सुकेत सर्व देवता कमेटी के प्रधान अभिषेक सोनी ने बताया कि सुंदरनगर के देवता मेला में पूर्व सुकेत रियायत के सभी देवी-देवताओं को शिरकत करने के लिए बुलाया जाता है।
इसमें से अधिकांश देवी-देवता मेला में शिरकत भी करते हैं लेकिन करीब 25 देवी-देवता अब मेला में शामिल नहीं होते हैं। इन सभी देवी-देवताओं को दोबारा मेला में शामिल करने के लिए सुकेत सर्व देवता कमेटी, प्रशासन और स्थानीय जनता के सहयोग से प्रयास किए जा रहे हैं।
इस वर्ष से माहूंनाग शडोटी (करसोग) 80 वर्षों बाद लगभग 150 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मेला में शिरकत करेंगे। श्री माहूंनाग शडोटी सुकेत के आराध्य देव श्री मूल माहूंनाग बखारी कोठी के भाई माने जाते हैं। देवता कोर्ट-कचहरी के मामले, लोगों के दुखों और निसंतान दंपती को संतान सुख प्रदान करते हैं। देवता के मेले में आने की सहमति से करसोग और सुंदरनगर के लोगों में खुशी की लहर है। इस अवसर पर जेठा मेहता मानदास, हीरा सिंह, पवन, घनश्याम, गिरजानंद, भोला दत्त, पुजारी पूरन चंद शर्मा और पद्म देव सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद