मंडी/जोगिंद्रनगर। महाशिवरात्री पर्व को लेकर मंडी जिले के शिवालय रंग-बिरंगे फूलों व बिजली की लड़ियों से सज गए हैं। मंडी शहर के बाबा भूतनाथ मंदिर, पंचवक्त्र मंदिर, महामृत्युजंय, एकादश रूद्र, नीलकंठ, त्रिलोकीनाथ के अलावा जोगिंद्रनगर के प्राचीन मंदिर त्रिवेणी और कुड महादेव में शिवलिंग के जलाभिषेक के साथ शिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। शिवलिंग पर जलाभिषेक, धूप, दीप, बिल पत्र व भांग का भोग चढ़ेगा। मंडी शहर में दिनभर बिल पत्र बिकते रहे।
जोगिंद्रनगर में सरकार की ओर से अधिकृत प्राचीन मंदिर बाबा बालकरूपी से दोपहर बाद भोलेनाथ की बरात भी निकलेगी। यहां पर शिव-पार्वती की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वीरवार को लक्ष्मी बाजार स्थित शिव मंदिर को भी शिव भक्तों की और से साफ-सुथरा बनाया गया। यहां पर फूलों की सजावट भी की जा रही है जबकि प्राचीन मंदिर बाबा बालकरूपी को रंग-बिरंगी बिजली की लड़ियों से सजाया गया है। वीरवार को नेर घरवासड़ा स्थित प्राचीन मंदिर में शिवरात्रि महापर्व की तैयारियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ता मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह चार बजे से ही शिव अराधना के लिए शिव भक्त पहुंचना शुरू हो जाएंगे। बताया कि पांच सौ साल पुराने मंदिर में हजारों शिव भक्तों की आस्था जुड़ी हुई है। प्राचीन मंदिर बाबा बालकरूपी में चल रहे धार्मिक आयोजनों की जानकारी देते हुए सेवा समिति के कार्यकर्ता अनूप कुमार, अक्षय व रवि ने बताया कि महा शिव पुराण कथा के समापन के बाद भोले की बारात निकाली जाएगी।
बाबा भूतनाथ मंदिर में इस तरह होगी पूजा
मंडी शहर के प्रसिद्ध बाबा भूतनाथ मंदिर में सुबह चार से शाम पांच बजे जलाभिषेक, दर्शन एवं पूजन होगा। रात आठ बजे से सुबह पांच बजे भजन कीर्तन होगा। इसके अलावा चार पहर की आरती होगी।