मंडी। इरादा मजबूत हो तो कोई भी रास्ता मुश्किल नहीं होता। बूंग रैलचौक पंचायत के सचिव इंद्र सिंह ठाकुर ने भी फौलादी इरादे का परिचय दिया है। ड्यूटी के प्रति समर्पण भाव से वह ब्रयोगी से 22 किलोमीटर पैदल बर्फ में चलकर बूंग रैलचौक पंचायत पहुंचे। बर्फ की 120 से 150 सेंटीमीटर मोटी चादर को भेदकर उन्होंने ग्राम सभा में नशे के प्रति लोगों को जागरूक किया। पंचायत सचिव को पहुंचाने के लिए ब्रयोगी और बूंग रैलचौक पंचायतों के ग्रामीणों ने मदद की। इस कारण रविवार को पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन संभव हो पाया।
भारी बर्फबारी ने सराज क्षेत्र में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध हैं। इन दिनों सराज क्षेत्र में नशे की रोकथाम के लिए ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। पंचायत सचिव इंद्र ठाकुर के पास ग्राम पंचायत बूंग रैलचौक और ब्रयोगी पंचायत का कार्यभार है।
22 जनवरी को पंचायत सचिव ग्राम पंचायत ब्रयोगी की ग्राम सभा में भाग लेने के लिए पहुंचे, लेकिन कार्य में देरी के कारण वह समय पर अपने घर जंजैहली नहीं लौट पाए। अगले दिन 23 जनवरी को मौसम खराब होने से क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो गई। 120 से 150 सेंटीमीटर बर्फ की मोटी परत सड़कों पर जम जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। 25 जनवरी को ग्राम पंचायत बूंग रैलचौक में ग्राम सभा में भाग लेने के लिए पंचायत सचिव पैदल ही निकल पड़े। ब्रयोगी पंचायत के कुछ लोगों ने पंचायत सचिव को आधे रास्ते तक पहुंचाया। इसके बाद ग्राम पंचायत बूंग रैलचौक के ग्रामीणों ने भी मदद की।
...
पंचायत सचिव इंद्र सिंह ठाकुर के पास ब्रयोगी और बूंग रैलचौक पंचायत का कार्यभार है। ब्रयोगी में ग्राम सभा करवाने के बाद बर्फबारी के कारण बूंग रैलचौक में उनका पहुंचना असंभव था। दोनों पंचायतों के लोगों ने उनको किसी तरह पहुंचने में मदद की।
-भीम सिंह, उपप्रधान, ग्राम पंचायत बूंग रैलचौक, जिला मंडी
000