समय पर उपचार मिलने से बच गई जान, हालत नाजुक, टांडा रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में क्रैश लैंडिंग के बाद गंभीर रूप से घायल एक रूसी पैराग्लाइडर पायलट को स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के जवानों ने वीरवार रात के समय करीब 6 किलोमीटर पैदल चलकर जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार बीड़ बिलिंग से लगभग साढ़े नौ बजे उड़ान भरने के बाद रूसी पायलट अलेक्जेंडर खराब मौसम में फंस गए और जोगिंद्रनगर शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर घटासनी के पास चरीडुघ घने जंगल में दोपहर लगभग चार बजे उनकी क्रैश लैंडिंग हो गई। हादसे के बाद वे गंभीर रूप से घायल अवस्था में कई घंटों तक दर्द से कराहते रहे।
शाम करीब सात बजे घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को मिली। इसके बाद दमकल चौकी प्रभारी बंशी लाल के नेतृत्व में एक टीम मौके के लिए रवाना हुई, जबकि दूसरी टीम में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल थे। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग एक बजे घायल पायलट को सुरक्षित निकालकर जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। घने जंगल से घायल पायलट को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के प्रयास सराहनीय रहे। एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीष चौधरी ने रेस्क्यू टीम के कार्य की प्रशंसा की।