जड़ोल युवक मंडल और स्पोर्ट्स क्लब ने लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। जड़ोल युवक मंडल एवं स्पोर्ट्स क्लब ने चिट्टा तस्कर को पकड़वाने के लिए 10,000 रुपये की इनामी राशि देने का एलान किया है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। युवक मंडल के प्रधान रवि ठाकुर और स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान अजय ठाकुर ने बताया कि युवक मंडल और स्पोर्ट्स क्लब जड़ोल ने संयुक्त बैठक कर निर्णय लिया कि जड़ोल क्षेत्र में बढ़ते नशे को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
कहा कि जो भी चिट्टे के सप्लायर या चिट्टे का सेवन करता हुआ पकड़ा जाएगा, उसको पुलिस के हवाले किया जाएगा। कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। इसी को लेकर स्पोर्ट्स क्लब जड़ोल 14, 15 और 16 मार्च को क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन करेगा। इसकी इनामी राशि 11,000 रुपये और रनरअप को 6,100 रुपये के साथ स्मृतिचिह्न भेंट किया जाएगा। यह टूर्नामेंट जड़ोल खेल मैदान में होगा। टीम का पंजीकरण 12 मार्च से पहले किया जा सकता है। संवाद