जोगिंद्रनगर शहर में रोटरी क्लब के वस्त्र बैंक में दानी सज्जनों की ओर भेंट किए कपड़ों का रखरखाव
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में अग्निकांड प्रभावित परिवारों और ठंड में ठिठुर रहे लोगों को रोटरी क्लब का वस्त्र भंडार बैंक राहत प्रदान कर रहा है। गलू पंचायत के रक्कड़ गांव के अग्निकांड प्रभावित परिवारों के चार सदस्यों को रोटरी वस्त्र बैंक से गर्म कपड़े, बिस्तर और कंबल उपलब्ध करवाए गए। भराडू में भी नेपाली मूल परिवारों को गर्म कपड़े और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया है।
उपमंडल में निर्धन परिवार की बेटियों की शादी में सहायता के साथ जिम्मेदार नागरिकों की ओर से उठाए गए इस जिम्मे को बखूबी निभाने में रोटरी क्लब के 40 से अधिक सदस्य सक्रिय हैं।
मंगलवार को रोटरी क्लब के सचिव अधिवक्ता रणजीत चौहान, रोटेरियन रामलाल वालिया, अजय ठाकुर ने बताया कि सर्द मौसम में ठंड से ठिठुर रहे ऐसे पात्र परिवारों को रोटरी के माध्यम से दानी सज्जनों की ओर से भेंट किए गए गर्म कपड़े, बिस्तर, कंबल और राशन उपलब्ध करवाया गया है। उधर, क्लब के अध्यक्ष डॉ. चंद्रभूषण शर्मा ने बताया कि दानी सज्जनों के भेंट किए गए कपड़े, बिस्तर, कंबल और राशन जरूरतमंदों को मुहैया करवाए जा रहे हैं।