सरकाघाट क्षेत्र की चोलथरा पीएचसी सड़क की खस्ताहालत के चलते बीमार व्यक्ति को उठा कर अस्पताल ले जा?
- फोटो : Mandi
टिहरा (मंडी)। उपमंडल की चोलथरा बाजार से पीएचसी चोलथरा तक करीब एक किमी सड़क की हालत ऐसी है कि इसमें वाहन चालक भी जाने से परहेज करते हैं। शुक्रवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सड़क की बदहाली बयां की है।
सड़क पर गड्ढों के कारण वाहन चालकों के इनकार पर एक मरीज को स्ट्रेचर पर उठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा। चौथा पंचायत निवासी प्रताप सिंह बनयाल को पीएचसी तक स्ट्रेचर पर लेटाकर पहुंचाना पड़ा। इससे रोगी और तीमारदारों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। परिजनों ने एसडीएम और सरकार को ज्ञापन भेजकर सड़क मरम्मत की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों रमेश, प्रकाश, अभिषेक, सीमा, मनोहर, राजेश, राकेश, प्रताप, कौशल, बलदेव, राकेश कुमार, अमर सिंह, बौना राम, गांधी राम आदि ने सरकार से मांग की है कि चोलथरा से पीएचसी सड़क की मरम्मत शीघ्र करवाई जाए। इससे लोगों, खास कर बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी न झेलनी पड़े। लोगों का कहना है कि मार्ग कुछ साल पहले पक्का था। बाद में सड़क की हालत खस्ता हो गई और पूरा रास्ता गड्ढों में बदल गया। बार-बार मांग करने के बावजूद मार्ग की मरम्मत नहीं की गई।
अब यह सड़क वाहन तो क्या पैदल चलने योग्य भी नहीं बची है। लोनिवि के सहायक अभियंता टिहरा नरेंद्र राणा ने कहा कि मामला ध्यान में है। शीघ्र ही सड़क को पक्का करने के प्रयास किए जाएंगे। एसडीएम राहुल जैन का कहना है लोगों की समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा।