जोगिंद्रनगर (मंडी)। सोमवार को होली पर्व पर अन्नपूर्णा आश्रम लदरूंही से निकली रथयात्रा में प्रभु श्री कृष्ण भी सवार होकर निकले। करीब चार किलोमीटर का सफर तयकर जब शहर पहुंचे तो लोगों ने फूलों की बारिश कर सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। स्वामी अभिचल दास ने क्षेत्र के प्रतिष्ठित संत समाज के साथ रथयात्रा की अगुवाई की और शहर की परिक्रमा कर रामलीला मैदान में उपस्थित जनसमूह को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। होली पर्व पर गुरुद्वारा परिसर के समीप भंडारे का प्रसाद सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया।
बस अड्डे में खड़े यात्री भी रंगे
होली पर्व को लेकर युवा-युवतियों के उत्साह के बीच बस अड्डे में यात्री भी होली के रंग में रंग गए। शहरभर में होली को लेकर अलग-अलग टोलियों में घूम रहे युवा-युवतियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस भी बुलानी पड़ी। हालांकि, किसी भी प्रकार की अराजकता या शांति भंग करने का प्रयास नहीं देखा गया। एहतियातन सुरक्षा प्रबंधों को और भी पुख्ता करने के लिए पुलिस की टीम ने पेट्रोलिंग कर व्यवस्था जांची। पुलिस के जवान भी होली के रंग में रंग गए।