मंडी। छोटी काशी में सोमवार को होली पर्व पर युवाओं की टोली ढोलक, चिमटा और हारमोनियम की तान पर नाचत-गाते घर-घर पहुंचकर लोगों को रंग लगाकर बधाई दी। घर-घर पहुंची होली की टोली का लोगों ने आदर सत्कार करते हुए उन्हें चाय-पानी के साथ नाश्ता और मिठाइयां परोसने के बाद कुछ अंशदान देकर उन्हें विदा किया। टोली में शामिल युवाओं ने होली और लोकगीतों से लोगों का मनोरंजन किया। मंडी शहर में रियासतकाल से होली की टोली घर-घर पहुंचकर लोगों को रंग लगाकर बधाई देने की परंपरा रही है, जो आज भी कायम है। मंडी शहर के सुहड़ा वार्ड निवासी बुजुर्ग रोशन लाल, ओम चंद, पुन्नी देवी, हिम्मा देवी आदि ने बताया कि होली पर्व पर कई सालों से युवाओं की टोली घर-घर पहुंच कर लोगों को बधाई देती है। संवाद