मेडिकल बायो वेस्ट के निस्तांरण पर लापरवाही की रिपोर्ट तलब की
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में मेडिकल बायो वेस्ट के निस्तांरण को लेकर बरती जा रही लापरवाही पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संज्ञान लिया है। मौके का निरीक्षण कर बोर्ड की टीम ने रिपोर्ट तलब कर कार्रवाई की है। विभाग की टीम में शामिल क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर की एक अधिकारी ने स्वयं जोगिंद्रनगर पहुंचकर मेडिकल बायो वेस्ट को खुले में फेंकने पर मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। लापरवाही बरतने को लेकर जवाब तलब भी किया गया।
टीम की ओर से बनाई गई रिपोर्ट में अगर कोई कोताही पाई जाती है तो राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जोगिंद्रनगर में मेडिकल बायो वेस्ट के खुले में मिलने और आग के हवाले करने का समाचार उजागर होने के बाद जिलाधीश मंडी ने भी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। इन आदेशों की पालन करते हुए मंगलवार दोपहर बाद राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर की एक टीम ने जोगिंद्रनगर में पहुंची। टीम ने नदी नालों के समीप भी गंदगी न फैलाने और किसी भी प्रकार के कचरे को आग के हवाले न करने के अलावा मेडिकल बायो वेस्ट को भी वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण करने की हिदायत दी है।
उधर, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि मेडिकल बायो बेस्ट को खुले में फेंककर आग के हवाले करने की जानकारी राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को मिली थी। टीम ने जोगिंद्रनगर में पहुंचकर इस मामले की जांच पड़ताल की है।