मंडी। पैलेस कॉलोनी में वरिष्ठ नागरिक पर जानलेवा हमले के प्रयास के मामले में पुलिस पिस्तौल की फॉरेंसिक जांच करवाएगी। गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। प्रारंभिक जांच में घटना के समय आरोपी के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार नौ जुलाई की सुबह करीब पांच बजे पैलेस कॉलोनी निवासी एक वरिष्ठ नागरिक ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि एक अज्ञात युवक उनके घर पहुंचा। उसने पहले क्रिकेट बैट से दरवाजे पर कई प्रहार किए। दरवाजा खुलते ही उसने शिकायतकर्ता पर पिस्तौल तान दी। वरिष्ठ नागरिक के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक क्रिकेट बैट और एक चप्पल बरामद की थी। जबकि पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तकनीकी एवं वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान आयुष बैदांग उर्फ काका के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने बीते वीरवार को देहरादून में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है।