जिला परिषद मंडी की बैठक में भाजपा और वामपंथी समर्थित नवनिर्वाचित जिप सदस्यों की गैर मौजूदगी के चलते कोरम पूरा नहीं होने से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ताजपोशी नहीं हो पाई। सोमवार को हुई बैठक में कांग्रेस समर्थित 17 जिप सदस्याओं और निर्दलीय चुनाव जीते सदस्य ने भाग लिया।
पहली बैठक में दो तिहाई कोरम नहीं होने से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संदीप कदम ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए 27 जनवरी की तारीख तय की है। 36 सदस्यीय जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार को बैठक निर्धारित की गई थी।
बैठक में कांग्रेस समर्थित 17 और एक निर्दलीय चुनाव जीते जिप सदस्य ने हाजिरी लगाई। वहीं भाजपा, भाकपा और माकपा समर्थित नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य बैठक में गैर मौजूद रहे। दो तिहाई कोरम पूरा न होने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी पर ताजपोशी नहीं हो पाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए आयोजित बैठक में निर्धारित समय में जिला परिषद के 36 नवनिर्वाचित सदस्यों में से केवल 18 सदस्य ही उपस्थित हुए।
जिस कारण दो-तिहाई कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को स्थगित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव के लिए अगली बैठक 27 जनवरी को सुबह 11 बजे निर्धारित की गई है। जिसमें साधारण बहुमत से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि जिला परिषद के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों की साधारण बैठक 23 जनवरी को निर्धारित की गई है, जिसमें विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। सोमवार को हुए बैठक में कांग्रेस समर्थित नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर, पूर्ण चंद ठाकुर, दिले राम ठाकुर, सचिन वर्मा, मनोहर लाल, कृष्ण पाल, जीवन लाल ठाकुर, जगदीश, नीलम कुमारी, इंद्रा देवी, पमिता कुमारी, जयवंती, संतोष कुमारी, प्रोमिला देवी, मीना कुमारी, यशोदा देवी, संतोष और सूरज प्रकाश ने भाग लिया।