सुंदरनगर (मंडी)। धनोटू के निकट एक तेज रफ्तार बाइक के स्किड जाने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई है। जबकि हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार भोजपुर निवासी असरात मोहम्मद (24) पुत्र मजनू और अंबेडकर नगर निवासी युवक बासू (23) पुत्र चांद राम बाइक पर सवार होकर सोमवार रात करीब आठ बजे धनोटू के निकट कच्चे रास्ते से घर की ओर आ रहा था। इस दौरान तेज रफ्तारी में बाइक अनियंत्रित होने से स्किड हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के दौरान बासू ने दम तोड़ दिया।
जबकि हादसे में घायल असरात अस्पताल में उपचाराधीन है। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा उसे परिजनों को सौंप दिया है। एसडीएम राजीव कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी सहायता के रूप में दस हजार की राशि प्रदान की गई है। इधर, पूर्व मंत्री रूप सिंह ने इस हादसे पर शोक जताते हुए मृतक बासु के परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिजनों और घायल युवक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।