उपमंडल जोगिंद्रनगर में 32 दिनों में 23 चोरी घटनाएं, दहशत का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर के भडयाड़ा पंचायत में चोरी की वारदात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जाकर तथ्य जुटाए हैं। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है। लगातार चोरी घटनाओं को देखे हुए लोगों के साथ पुलिस की भी परेशानियां बढ़ गई हैं।
शिकायतकर्ता पीड़ित हरी सिंह के अनुसार बरनाउ गांव में उनके रिहायशी मकान का ताला तोड़कर चोर गिरोह ने सोने, चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ फ किया है। इसकी शिकायत उन्होंने नजदीकी पुलिस चाैकी में दी है। उपमंडल की बात करें तो हर रोज चोरी की वारदातों से दहशत का माहौल बना हुआ है। शहरी क्षेत्र की नहीं बल्कि गांव-गांव में चोरी की वारदातों को गिरोह के सदस्य अंजाम दे रहे हैं। इनका सुराग तलाशने में भी पुलिस नाकाम साबित हो रही है। महज 32 दिन में चोरी की 23 घटनाओं में 12 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी हो जाने के बाद भी पुलिस के उच्चाधिकारी खामोश बैठे हुए हैं। सवा लाख आबादी की सुरक्षा के लिए मंडी पुलिस ने भले ही उपमंडल में तीन चौकियां समेत एक थाना खोल रखा है, लेकिन यहां पर इन दिनों पुलिस के जवान बेहद कम तैनात हैं। ऐसे में चोरी घटनाएं सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
उधर, डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने बताया कि चोरी घटनाओं को सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। ग्रामीण इलाके में घूम रहे संदिग्ध लोगों की सूचना पुलिस को दें और सतर्कता बरतें।
बॉक्स
तीन माह में थाना प्रभारी बदले
जोगिंद्रनगर पुलिस थाना में तैनात थाना प्रभारी का भी तबादला महज तीन माह के भीतर हो गया है। मार्च माह में थाने का कार्यभार संभालने के बाद अगस्त माह में उनके तबादले के आदेश भी पुलिस विभाग ने जारी किए हैं। बता दें कि इससे पहले थाना प्रभारी निर्मल सिंह का भी तबादला सात महीने के भीतर हो गया था। पुलिस चौकियों में भी जवानों के स्थानांतरण होने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था पुलिस विभाग के द्वारा न होने से अब चोरी की वारदातों का ग्राफ भी लगातार बढ़ रहा है।