उपायुक्त ने सतर्क रहने की दी सलाह, नदी-नालों से रहें दूर
थुनाग, गोहर और सरकाघाट उपमंडल के शिक्षण संस्थान रहे बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मौसम विभाग की ओर से 10 अगस्त को जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 9, 11 और 12 अगस्त को जिला के कुछ स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।
उन्होंने नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन वाले क्षेत्रों तथा अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से परहेज करने एवं अपने घरों में सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हर स्थिति से निपटने की तैयारी कर रखी है। सड़कों को खुला रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में मशीनरी तैनात कर दी गई है।
वीरवार को थुनाग गोहर और सरकाघाट उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान रहे बंद रहे। मौसम विभाग द्वारा 8 अगस्त को जिला में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए थुनाग, गोहर और सरकाघाट उपमंडल के उपमंडल अधिकारियों ने 8 अगस्त शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए थे। सदर उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागी कटौला, माध्यमिक पाठशाला रेहडू सोलंग, प्राथमिक पाठशाला मंढेह, और सुहरा स्कूल भी बंद रहे।
बॉक्स
भारी बारिश के चलते निहरी के दो स्कूल रहेंगे बंद
सुंदरनगर (मंडी)। भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए एसडीएम सुंदरनगर गिरीश समरा ने तहसील निहरी के दो स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। आदेशों के माध्यम से बताया कि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पौड़ाकोठी एवं राजकीय माध्यमिक पाठशाला ठिहकर 9 अगस्त को बंद रहेंगे। सड़कें बंद होने के कारण यहां दिक्कतें पेश आ रही हैं। एसडीएम ने संस्थान के प्रमुख से आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। संवाद