मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन और अन्य सड़क परियोजनाओं से प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को मंडी में एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्माण कार्यों से स्थानीय लोगों को पेश आ रही दिक्कतों का जल्द समाधान निकालने और प्रभावितों से सीधे बातचीत करने के निर्देश दिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि फोरलेन निर्माण को लेकर लोग और प्रतिनिधिमंडल लगातार उनसे समस्याएं उठा रहे हैं। बैठक में नेरचौक के डडौर चौक, नागचला फ्लाईओवर, मंडी-पंडोह के बीच नई टनलों, पंडोह-थलौट के बीच डयोड, हणोगी पुल और मंदिर मार्ग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने शालानाल के पास निर्माणाधीन नई बॉक्स टनल और प्रभावित गांवों की ओर 70 मीटर तक प्रोटेक्शन वर्क शुरू करने के निर्देश दिए। झीड़ी में फ्लाईओवर निर्माण से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी के समाधान के लिए जल्द बैठक आयोजित करने को भी कहा।
बैठक में जयराम ठाकुर ने कई प्रतिनिधिमंडलों की अधिकारियों से सीधे मुलाकात करवाई और संबंधित मामलों को मंत्रालय के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। इससे पहले उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर विधायक प्राथमिकता और आपदा राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।