यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बस स्टैंड के बाहर नेशनल हाईवे पर लग रहे ट्रैफिक जाम को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है। अब बाईपास से मंडी बस स्टैंड तक कहीं भी बसों में सवारियां न उतारी जाएंगी और न ही बिठाई जाएंगी। सुंदरनगर से मंडी तरफ आने वाली बसें यात्रियों को बाईपास बस स्टॉप पर उतारेंगी। प्रशासन ने इस व्यवस्था को लेकर जिला पुलिस निरीक्षक को निर्देश दिए हैं।
बस चालक और परिचालक द्वारा निर्देशों की अवहेलना करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बाईपास में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए सोमवार को संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न चीजों का जायजा लिया गया। जिससे ट्रैफिक जाम से निजात मिल सके।
एचआरटीसी आरएम विनोद, नगर परिषद की ईओ उर्वशी वालिया समेत जिला पुलिस निरीक्षक तथा सहायक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च मार्ग ने मिलकर बाईपास में यातायात की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निरीक्षण किया गया। इस मौके पर एसडीएम सदर डॉ मदन कुमार ने सहायक अभियंता राष्ट्रीय उच्च मार्ग को निर्देश दिए कि बाईपास पर 10 ट्रकों को खड़ा करने की व्यवस्था की जाए।
निरीक्षण के दौरान मदन कुमार ने जिला पुलिस निरीक्षक मंडी को निर्देश दिए कि सुंदरनगर से मंडी आने वाली बसों को बाईपास पर बने बस स्टाप पर ही सवारियां उतारने की इजाजत दी जाए। उन्होंने बाईपास बस स्टॉप से मंडी बस अड्डे तक किसी भी बस को सवारियां उतारने, चढ़ाने की अनुमति न दिए जाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि यदि कोई चालक-परिचालक निर्देशों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
वहीं, सोमवार को ही मंडी बस अड्डे का भी निरीक्षण क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम के साथ मिलकर किया गया तथा जिला पुलिस निरीक्षक को बस अड्डे के पास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।इधर, एसडीएम सदर डॉ मदन कुमार ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बाईपास में संयुक्त निरीक्षण किया गया है। पुलिस को यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।