जोगिंद्रनगर (मंडी)। सीवरेज कनेक्शन वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए नगर परिषद जोगिंद्रनगर ने जलशक्ति विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि लाखों रुपये की धनराशि जारी होने के बाद भी शहरी क्षेत्र में करीब डेढ़ सौ चिह्नित परिवारों को सीवरेज सुविधा से महरूम रखा।
अन्य क्षेत्रों में सीवरेज कनेक्शन की बंदरबांट कर दी है। विरोध में मंगलवार को नगर परिषद की अध्यक्षा ममता कपूर, उपाध्यक्ष अजय धरवाल के साथ वार्ड नंबर सात की पार्षद शीला के साथ वार्डवासियों ने करीब दो घंटे तक मिनी सचिवालय ने धरना-प्रदर्शन किया।
चेताया कि शुक्रवार तक जलशक्ति विभाग ने छूटे घरों को सीवरेज से जोड़ने की कवायद शुरू नहीं की तो अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। नगर परिषद की अध्यक्ष ममता कपूर ने कहा कि सीवरेज कनेक्शन का लाभ चिह्नित परिवारों को न मिल पाना जलशक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।
नगर परिषद जोगिंद्रनगर में सीवरेज योजना के लिए आए करीब 2 करोड़ 12 लाख की धनराशि में से करीब 35 लाख रुपये शहर के साथ लगते गांव में खर्च कर दिए गए हैं। शहर में डेढ़ सौ परिवार अभी भी सीवरेज सुविधा से महरूम है। नगर परिषद के उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने कहा कि शहरी क्षेत्र का पैसा किस आधार पर गांव में खर्च किया गया? शहरी क्षेत्र में जो पाइप सीवरेज के लिए बिछनी थी, उसे ग्रामीण क्षेत्रों में क्यों और किसके कहने पर बिछाया गया?
...
वार्डवाइज टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने के लिए जलशक्ति विभाग ने औपचारिकताओं को पूरा करना शुरू दिया है और जल्द ही सीवरेज के अधूरे कार्य को पूरा कर दिया जाएगा। सीवरेज कार्य में कोई भी धांधली नहीं हुई है।
-सूक्षम नाग, सहायक अभियंता जलशक्ति विभाग
000